वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
गोरखपुर-चौतीसा गांव में शनिवार की रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी।रिटायर्ड होमगार्ड ने शराब के नशे में अपने ही बेटे और छोटी बहू (छोटे बेटे की पत्नी) को लाइसेंसी दो नाली बंदूक से गोली मार दी। इस वारदात में बेटे की मौत हो गई है, बहू की स्थिति खतरे से बाहर है। बहू को बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। बड़हलगंज थाना पुलिस ने आरोपित पिता को बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार की रात नौ बजे चौतीसा गांव में रहने वाले रिटायर्ड होमगार्ड, हरि यादव शराब के नशे में घर लौटे। आरोप है कि घर आते ही वह स्वजन से विवाद करने लगे। विरोध करने पर हरि यादव ने लाइसेंसी दो नाली बंदूक से बेटे अनूप यादव (38) और छोटी बहू सुप्रिया यादव (30) पत्नी जीतनारायन यादव पर गोली चला दी।
अनूप यादव को गोली सीने में और सुप्रिया के पेट और बाएं हाथ में लगी है। घटना के बाद दोनों लहूलुहान हो गए। परिवार ने तत्काल उन्हें सीएचसी बड़हलगंज ले गए जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गोली लगने से अनूप की मौत हो गई
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में पहुंचे बड़हलगंज थानेदार चंद्रभान सिंह ने आरोपित पिता को लाइसेंसी बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया। गोली से घायल हुई सुप्रिया के पति जीतनरायन यादव रोजगार के सिलसिले में बाहर गए हैं।
क्यों हुआ विवाद?
स्वजन व पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि हरि यादव शराब पीने का आदी है। नशे में घर आने के बाद वह आए दिन स्वजन से विवाद करता था। शनिवार को भी परिवार के लोगों ने नशे से दूर रहने और शांति से रहने की सलाह दी, तो वह भड़क उठा और सीधे अपने बेटे और बहू को निशाना बना लिया।
''पारिवारिक विवाद में बड़े बेटे और छोटे बेटे की पत्नी को गोली मारने वाले हरि यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिस लाइसेंसी बंदूक से गोली चली है उसे कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गोली लगने से बेटे की मौत हो गई है, बहू को बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।'' - जितेंद्र कुमार, एसपी दक्षिणी